कक्षा 12 वीं हिंदी पेपर लीक मामला: सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव करेगा एनएसयूआई

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की कक्षा 12वीं के हिंदी प्रश्नपत्र के कथित लीक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 14 मार्च को होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले, 13 मार्च की रात को ही प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
बताया जा रहा है कि हिंदी का प्रश्नपत्र खासकर व्हाट्सऐप पर प्रसारित किया गया। इस घटना के सामने आने के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने विरोध जताया है। संगठन ने सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के घेराव का ऐलान किया है। एनएसयूआई ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रश्नपत्र लीक के आरोप के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। अब सभी की नजर मंडल की कार्रवाई और जांच पर टिकी हुई है।



