कोलाब नदी के तेज बहाव में डूबा सीआईएसएफ का सब-इंस्पेक्टर, तलाश में जुटी एनडीआरएफ की टीम

जगदलपुर। जगदलपुर में पिकनिक मनाने गया सीआईएसएफ का एक जवान कोलाब नदी में डूब गया। हादसा छत्तीसगढ़ ओडिशा सीमा के गुलमी क्षेत्र में हुआ, जहां बहने वाली नदी स्थानीय लोगों के बीच पिकनिक स्थल के रूप में जानी जाती है।
जानकारी के अनुसार नदी का बहाव अत्यंत तेज और खतरनाक था, जिसकी चपेट में आने से जवान लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश में जुटी हुई है। पिछले 24 घंटे से लगातार खोजबीन जारी है, लेकिन अब तक जवान का पता नहीं चल सका है। गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में तलाश की जा रही है।
डूबा हुआ जवान नगरनार स्थित एनएमडीसी प्लांट में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ था। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों और साथी जवानों में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाली नदियों और खतरनाक स्थानों पर बिना सुरक्षा इंतजामों के पानी में न उतरें और सावधानी बरतें।



