मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रजक युवा गाडगे सम्मेलन में शिक्षा और विकास पर जोर दिया

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के सिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित रजक युवा गाडगे सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह माध्यम है, जिसके जरिए व्यक्ति अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है और सपनों को साकार कर सकता है। शिक्षा से ही रोजगार के अवसर सृजित होते हैं और यह व्यक्तिगत एवं सामाजिक विकास के लिए अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री ने “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” को अपनी सरकार का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने राष्ट्रीय विजन के अनुरूप जारी छत्तीसगढ़ विजन डॉक्युमेंट को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासों की बात कही।
सम्मेलन का शुभारंभ उन्होंने संत गाडगे महाराज की पूजा-अर्चना कर किया। रजक समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, प्रबुद्धजनों और समाजसेवियों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने रजक समाज की सामाजिक समरसता और सेवा भाव की सराहना की और कहा कि उनका पुश्तैनी व्यवसाय सशक्त करने के लिए राज्य सरकार ने रजककार विकास बोर्ड का गठन किया है, जो किफायती दर पर ऋण सुविधा प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं को उन्नति के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भ्रष्टाचार नियंत्रण और सुशासन स्थापना के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग बनाया गया है। अधिकांश सेवाएं अब ऑनलाइन होने से पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हुई है। मुख्यमंत्री ने सभी को बेहतर भविष्य की दिशा में मेहनत करने का आह्वान किया।