दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राष्ट्रपति मुर्मू ने बस्तर पंडुम में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार किया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे से देर रात रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पहुंचते ही पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने दौरे की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर बस्तर पंडुम के लिए आमंत्रित किया गया। राष्ट्रपति ने आमंत्रण स्वीकार किया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य को खेलो इंडिया तथा राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर मिल रहा है, जो हमारा सौभाग्य है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात हुई तथा उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी गई।
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश से 31 मार्च 2024 तक नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ इस दिशा में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है तथा केंद्रीय नेतृत्व का संकल्प निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।



