छत्तीसगढ़ की तीरंदाज नवलीन कौर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बधाई, राज्य सरकार करेगी हर संभव समर्थन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य के हर खिलाड़ी को उसकी मेहनत और क्षमता के अनुसार संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने महासमुंद जिले की उभरती तीरंदाज नवलीन कौर को आगामी राष्ट्रीय खेलों में स्थान बनाने पर बधाई दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
नवलीन कौर ने अपनी जीवन संघर्ष की कहानी से साबित किया है कि इच्छाशक्ति के आगे कोई बाधा नहीं टिकती। जन्म से स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझती हुई, उन्होंने तीरंदाजी को अपना जीवन-मार्ग चुना। फरवरी 2025 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महासमुंद के बागबाहरा की रहने वाली नवलीन वर्ष 2018 से तीरंदाजी में प्रशिक्षण ले रही हैं और महासमुंद की पहली महिला तीरंदाज हैं।
उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना है। वे कंपाउंड धनुष से खेलती हैं और हाल ही में सिटी ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। नवलीन कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवलीन की मेहनत को प्रेरणादायक बताया और कहा कि तीरंदाजी जैसे विशिष्ट खेल में प्रदेश और देश के लिए मेडल लाने की दिशा में काम कर रही युवा प्रतिभाओं को हर संभव समर्थन मिलेगा। नवलीन जैसी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के युवाओं को यह संदेश देती हैं कि प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।