सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई मिसाल पेश की है, जो अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के विद्यार्थी आने वाले समय में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कला, अनुसंधान और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा सबसे बड़ी ताकत होती है। कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए उनका समर्पण सराहनीय है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों से जीवन में लगातार सीखते रहने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता का असली अर्थ केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।



