बिरगांव में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार शाम बिरगांव नगर निगम में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को रंगों के पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में होली का उत्साह अधिक है, क्योंकि राज्य सरकार ने किसानों के खातों में धान खरीदी के अंतर की राशि भेज दी है, जिससे ग्रामीण अंचलों में खुशी का माहौल है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशानुरूप प्रदेश में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और बस्तर सहित पूरे राज्य में शांति व प्रगति का नया अध्याय शुरू हो रहा है। सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक मंडली द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों का आनंद लिया। इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा की प्रस्तुति ने भी समां बांधा। मुख्यमंत्री ने स्वयं पिचकारी चलाकर लोगों पर रंगों की बौछार की और त्यौहार की खुशियां साझा कीं।
इस गरिमामय समारोह में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, योगेश साहू, निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, सीआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, निगम पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।




