मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया में ओपन थिएटर का किया लोकार्पण, झुमका जलाशय में उठाया नौका विहार का आनंद

बैकुंठपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने कोरिया प्रवास के दौरान जिले के प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल को नई सौगातें दीं। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा झुमका जलाशय के समीप नवनिर्मित ओपन थिएटर का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलाशय में शिकारा बोटिंग का आनंद लिया और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण किया।
लगभग 27 लाख रुपये की लागत से तैयार इस ओपन थिएटर की क्षमता 500 दर्शकों की है। यह स्थल भविष्य में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय को छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और पर्यटन स्थलों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता और पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने स्थानीय युवाओं को इन पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर प्रदान करने पर भी बल दिया। नौका विहार के दौरान मुख्यमंत्री ने वाटर स्पोर्ट्स और अन्य विकसित सुविधाओं की जानकारी ली।
इस गरिमामयी समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित संभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र में पर्यटन विकास की नई उम्मीदें जगी हैं।



