बीजापुर में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आया ग्रामीण बालक, गंभीर रूप से घायल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एक ग्रामीण बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बालक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे 222 बटालियन सीआरपीएफ कैंप कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम, पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम, उम्र 15 वर्ष, सुबह लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बल नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाकर माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी को खोजने और निष्क्रिय करने में जुटे हुए हैं, ताकि ग्रामीणों और सुरक्षा बलों को नुकसान न पहुंचे। बावजूद इसके, नक्सलियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में आईईडी लगाए जाने से ग्रामीणों और जवानों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।


