मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का किया अनावरण

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा प्रवास के दौरान अंबिकापुर स्थित पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक पर भटगांव विधानसभा के पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय पंडित रविशंकर त्रिपाठी का जीवन जनसेवा, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापित की गई यह प्रतिमा मात्र एक स्मारक नहीं है, बल्कि उनके द्वारा किए गए महान कार्यों और विचारों की जीवंत प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र हित में कार्य करने के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रविशंकर त्रिपाठी जैसे महान व्यक्तित्वों का योगदान हमें यह सिखाता है कि निस्वार्थ जनसेवा ही सच्चा राष्ट्रधर्म है। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। प्रतिमा अनावरण के इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




