मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, भेंट की ‘माता कौशल्या के राम’ की बेल मेटल कलाकृति

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक, बेल मेटल से निर्मित ‘माता कौशल्या के राम’ की अद्वितीय कलाकृति भेंट की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और यह पावन धरा प्रभु श्रीराम से गहरे आत्मिक संबंधों से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि भेंट की गई यह कलाकृति प्रदेश की आस्था और जनजातीय समाज के उत्कृष्ट शिल्पकौशल का जीवंत उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के माध्यम से प्रदेश के हजारों श्रद्धालु निरंतर अयोध्या धाम के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा, संस्कार और सुशासन के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास और जनहित के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करना जारी रखेगा।




