मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम ओड़ान में 28 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, समाज के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की

बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान पहुंचे। यहाँ उन्होंने बावनगढ़ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज द्वारा आयोजित गोंड़वाना आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज से विवाह सूत्र में बंधे 28 जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कसडोल में कंवर समाज सामुदायिक भवन और नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये देने का एलान किया। साथ ही, ग्राम ओड़ान में बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये और शनि मंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान और उनकी संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय प्रकृति का पुजारी है, जिसका जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा में बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। साथ ही, प्रधानमंत्री जनमन योजना आदिवासी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी परंपराओं को सहेजने के लिए मुख्यमंत्री सम्मान निधि के तहत बैगा, गुनिया और सिरहा को सालाना 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में कदम उठाते हुए मानदेय को 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और संग्राहकों के लिए चरण पादुका वितरण हेतु 60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सामूहिक विवाह की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज संगठित होता है और फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और विधायक संदीप साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



