खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री साय का कुनकुरी दौरा रद्द, हेलीपेड पर लंबा इंतजार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कुनकुरी दौरा खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे हेलिकॉप्टर से रवाना होने वाले थे, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के चलते उड़ान संभव नहीं हो सकी।
मुख्यमंत्री साय ने हेलीपेड पर करीब एक घंटे 40 मिनट तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया, लेकिन रूट क्लियर नहीं हो पाने के कारण अंततः दौरा स्थगित करना पड़ा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति मजबूत है और नामांकन रैलियों में भारी जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की गति धीमी रही है, कानून व्यवस्था की स्थिति कमजोर है और केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनता में वर्तमान सरकार के खिलाफ असंतोष है और आने वाले समय में इसका असर चुनाव परिणामों में देखने को मिलेगा।



