नक्सल-विरोधी अभियान में शहीद हुए जवानों को मुख्यमंत्री साय की श्रद्धांजलि, 12 माओवादी ढेर होने की पुष्टि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले में नक्सल-विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए डीआरजी बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकग्रस्त परिवारों को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति मिले और दिवंगत आत्माओं को शांति प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 12 माओवादियों को मार गिराया है। क्षेत्र में अभी भी सर्च अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दो अन्य जवान खतरे से बाहर हैं और उनके उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने दोनों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सलवाद के विरुद्ध यह निर्णायक सफलता इस बात का संकेत है कि लाल आतंक का अंत अब निकट है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार और सुरक्षा बल माओवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब तक बस्तर के अंतिम गांव तक शांति, सुरक्षा और विकास नहीं पहुंच जाता, तब तक यह अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा और सरकार हर कदम पर सुरक्षा बलों के साथ खड़ी है।



