किस्टाराम में चार इनामी माओवादियों के आत्मसमर्पण पर मुख्यमंत्री साय ने जताया संतोष

रायपुर, 30 जनवरी 2026। किस्टाराम क्षेत्र में आठ लाख रुपये के इनामी चार सक्रिय माओवादी कैडरों द्वारा हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला बस्तर में बढ़ते विश्वास, सुरक्षा और विकास के माहौल का स्पष्ट संकेत है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे “नक्सल मुक्त बस्तर, सुरक्षित छत्तीसगढ़” के संकल्प की दिशा में बड़ी सफलता बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सकारात्मक बदलाव सुरक्षा बलों के समन्वित और लगातार प्रयासों का परिणाम है। सुदृढ़ कैंप व्यवस्था, प्रभावी क्षेत्रीय उपस्थिति और बेहतर सड़क व संचार सुविधाओं से माओवादी प्रभाव क्षेत्र लगातार सिमट रहा है और उनका सामाजिक आधार कमजोर पड़ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की नीति है कि जो लोग हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की यह प्रक्रिया आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।



