मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर किया सम्मान, भावुक हुईं दीदियां…

रायपुर। बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में एक अनोखा और भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर उन्हें सम्मानित किया। यह क्षण देखकर हजारों की भीड़ भावुक हो उठी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों की स्वच्छता दीदियों को इस खास अंदाज में सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर दीदियों ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय पल बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता दीदियां और स्वच्छता कमांडोज़ सिर्फ सफाई कर्मी नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की वाहक हैं। उनका योगदान शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के साथ-साथ लोगों में जागरूकता फैलाने में भी अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से सफाई कर्मियों के प्रति समाज का सम्मान और बढ़ेगा।
सम्मानित दीदियों में विश्रामपुर की पुनीता बाई, कुम्हारी की रानू देवांगन, बिल्हा की पूजा राठौर, दंतेवाड़ा की वसु राज, शारदा सोनी और किरण सिंह शामिल रहीं। उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत और निष्ठा का यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। पुनीता बाई और रानू देवांगन ने कहा कि समाज में सफाई के कार्य को अक्सर कम आंका जाता है, लेकिन आज मिला यह सम्मान उनके प्रयासों की सच्ची पहचान है।