छत्तीसगढ़ में हादसों का ब्लैक ट्यूसडे: रफ्तार, लापरवाही और ट्रेन की टक्कर ने ली 7 लोगों की जान, पसरा मातम

रायपुर/कोरबा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाली खबरें आई हैं। मंगलवार का दिन प्रदेश के लिए हादसों भरा रहा। रायपुर, कोरबा और सूरजपुर जिलों में हुए अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में 6 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। कहीं तेज रफ्तार गाड़ियों ने कहर बरपाया, तो कहीं फैक्ट्री की लापरवाही काल बन गई।
1. रेत के ट्रैक्टर ने दो ग्रामीणों को कुचला, आधी रात तक चक्काजाम
पहली दर्दनाक घटना मोंगरा थाना इलाके के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग की है। यहां एक अज्ञात वाहन ने दो ग्रामीणों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आधी रात को सड़क पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि इलाके में रातभर रेत से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं। बाद में पुलिस की समझाइश पर जाम खोला गया।
2. पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों का ऑटो पलटा, दो सगे भाई जैसे दोस्तों की मौत
बालको थाना क्षेत्र के अगजरबहार के पास खुशियां मातम में बदल गईं। खरमोरा से 10 युवक ऑटो में सवार होकर झोरघाट पिकनिक मनाने गए थे। लौटते समय तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव नाम के दो युवकों की जान चली गई, जबकि बाकी दोस्त घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
3. ईंट फैक्ट्री में लापरवाही: मशीन में दबकर महिला मजदूर की मौत, भारी हंगामा
कोरबा की प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हुआ। 26 साल की बिछनी बाई लंबे समय बाद काम पर लौटी थी। वह चालू हालत में मशीन की सफाई कर रही थी कि अचानक लीवर गिर गया और वह मशीन में दब गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद फैक्ट्री में भारी हंगामा हुआ। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और जनप्रतिनिधि अरविंद भगत ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। 4 घंटे के आंदोलन के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल मुआवजे पर राजी हुए। मृतका के मासूम बेटे के लिए 2 लाख की एफडी, हर महीने 1500 रुपये और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात तय हुई है।
4. रायपुर-राजिम ट्रेन की चपेट में आया ग्रामीण, सुसाइड या हादसा?
अभनपुर के सिवनी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक ग्रामीण की क्षत-विक्षत लाश मिली। मृतक की बाइक भी पास ही खड़ी थी। बताया जा रहा है कि उसका कोई रिश्तेदार पास के अस्पताल में भर्ती है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह कोई हादसा है या खुदकुशी।
5. सूरजपुर में नाले में पलटा ट्रैक्टर, ड्राइवर की मौत
सूरजपुर के बसदेई चौकी क्षेत्र में भी एक हादसा हुआ। केवरा से कुसमुसी रेत लेने जा रहा एक ट्रैक्टर सिंदरी नाले में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में भैयाथान के दर्रीपारा निवासी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


