प्रधानमंत्री आवास योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय कीर्तिमान: 10 माह में बनाए रिकॉर्ड 5 लाख घर

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने देश भर में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के मात्र 10 माह 4 दिनों के भीतर 5 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया है। यह किसी भी एक वित्तीय वर्ष में राज्य द्वारा पूर्ण किए गए आवासों की अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री की पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया था। राज्य में मानसून के बावजूद औसतन प्रतिदिन 1,600 से अधिक घरों का निर्माण किया गया है। जिलों की रैंकिंग में बिलासपुर 29,235 आवासों के साथ प्रथम स्थान पर है, जिसके बाद महासमुंद, बलरामपुर, कोरबा और रायगढ़ का स्थान रहा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह योजना केवल छत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सशक्तिकरण का माध्यम भी बनी है। योजना से जुड़कर प्रदेश की 8,000 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर उभरी हैं। इसके साथ ही राजमिस्त्री प्रशिक्षण के माध्यम से 6,000 से अधिक हितग्राहियों को कौशल विकास से जोड़ा गया है, जिनमें 292 आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल हैं, जो अब मुख्यधारा का हिस्सा बन रहे हैं।
आजीविका संवर्धन के लिए मनरेगा के माध्यम से हितग्राहियों की भूमि पर 10,000 से अधिक डबरियों का निर्माण भी किया जा रहा है। शासन की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल क्रियान्वयन में देश का अग्रणी राज्य बना दिया है।



