सरगुज़ा दौरे पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े – वृद्धजन, बालिकाओं और महिलाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सरगुज़ा| महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शनिवार को सरगुज़ा जिले के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित कई संस्थाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश दिए।

वृद्धजनों से आत्मीय संवाद...
मंत्री ने सबसे पहले अजीरमा स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धाश्रम परिसर में एमरजेंसी लाइट की व्यवस्था करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि वृद्धजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और नियमित स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें।
विशेष विद्यालय का निरीक्षण...
इसके बाद मंत्री होलीक्रॉस आशा निकुंज विशेष विद्यालय पहुँचीं। यहाँ बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया। श्रीमती राजवाड़े ने अध्ययन कक्ष, शयनकक्ष, ऑडियोमैट्री कक्ष और आवासीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
बालिका गृह में सुरक्षा पर जोर...
मंत्री ने दर्रीपारा स्थित बालिका बालगृह का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने भोजनकक्ष, मनोरंजन कक्ष और शयनकक्ष का अवलोकन कर अधिकारियों को बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थान में प्रवेश करने वालों की अनिवार्य एंट्री दर्ज करने को कहा।
शक्ति सदन और नारी निकेतन का निरीक्षण...
श्रीमती राजवाड़े ने शक्ति सदन का निरीक्षण करते हुए श्रवणबधिर तीन बालिकाओं को विशेष विद्यालय में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चियों को आश्रय के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण देकर भविष्य में स्वरोजगार से जोड़ना जरूरी है।

इसके अलावा उन्होंने नारी निकेतन में रह रही महिलाओं से मुलाकात की और अधिकारियों को साफ-सफाई और सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए।
अन्य संस्थाओं का अवलोकन...
मंत्री ने अपने प्रवास के दौरान बालिका एवं बालक संप्रेषण गृह, प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक तथा बौद्धिक मंदता विद्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की कार्यप्रणाली पारदर्शी हो और लाभार्थियों को जिम्मेदारी के साथ सेवाएँ मिलनी चाहिए।

सरकार की प्राथमिकता – सम्मानजनक जीवन...
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि
राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुँचाना है। वृद्धजन, महिलाएँ, बच्चे और दिव्यांग सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें, यही हमारी प्राथमिकता है।