छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: 115 करोड़ के ‘ओवरटाइम’ खेल में एसीबी का बड़ा एक्शन, दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड में हुए कथित ओवरटाइम भुगतान घोटाले को लेकर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और एंटी करप्शन ब्यूरो ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मैनपावर एजेंसी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर अभिषेक कुमार सिंह और अकाउंटेंट तिजऊ राम निर्मलकर शामिल हैं जिन्हें 19 अप्रैल को हिरासत में लिया गया। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के नाम पर करीब 115 करोड़ रुपये का फर्जी ओवरटाइम भुगतान निकाला गया जो वास्तव में उन तक कभी पहुंचा ही नहीं।
प्रवर्तन निदेशालय की इनपुट पर एसीबी की बड़ी स्ट्राइक
इस पूरे मामले की जड़ें नवंबर 2023 में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जब्त किए गए 28.80 लाख रुपये नकद से जुड़ी हैं जिसके बाद एसीबी-ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह विशाल धनराशि अवैध कमीशन के तौर पर निकाली जाती थी और कॉर्पोरेशन के भ्रष्ट अधिकारियों समेत निजी व्यक्तियों में बांटी जाती थी जिसका अंतिम हिस्सा कथित तौर पर अनवर ढेबर तक पहुंचाया जाता था। विशेष न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 27 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है जिससे आने वाले दिनों में इस सिंडिकेट से जुड़े कई और रसूखदारों के चेहरों से नकाब उतरने की संभावना है।



