छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: आज पेश होगा बजट, मुख्यमंत्री और मंत्रियों से पूछे जाएंगे जनहित के सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट प्रस्तुत करेंगे। कार्यवाही की शुरुआत अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक दीनदयाल पोर्ते के निधन के उल्लेख के साथ की जाएगी। आज सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंकराम वर्मा अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों का जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री से बिजली और प्रशासनिक मामलों पर सवाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बिजली विभाग में रिक्त पदों की संख्या, जेई से एई पदोन्नति का कोटा, आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच और कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा राज्य के ऊर्जाकरण के नवीनीकरण लक्ष्य और वर्तमान स्थिति, किसानों को बिजली बिल में दी जा रही छूट, कोयला रॉयल्टी चोरी की शिकायतों की जांच, मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण, पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत पंजीयन और लाभान्वितों की संख्या, तथा बिजली विभाग के बड़े बकायादारों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई है।
वन मंत्री से विकास और वन क्षेत्रों पर प्रश्न
वन मंत्री केदार कश्यप से रायपुर में सुगम यातायात के लिए प्रस्तावित नीति, इंद्रावती टाइगर रिजर्व और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कराए गए कार्यों की जानकारी मांगी गई है। साथ ही धान खरीदी और उठाव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के कर्मचारी और अधिकारियों का विवरण, गृह निर्माण सहकारी समितियों के बायलॉज में संशोधन और नंदन वन के पुनर्निर्माण से जुड़े प्रश्न भी शामिल हैं।
राजस्व मंत्री से अवैध कब्जे और प्लाटिंग पर जवाब
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों की स्थिति, विश्वविद्यालयों में अनियमितताओं पर कार्रवाई, अवैध प्लाटिंग के मामलों, आदिवासी भूमि की गैर आदिवासियों को बिक्री, धान उत्पादन और औसत उत्पादकता, लंबित राजस्व प्रकरणों तथा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े सवाल पूछे गए हैं। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।



