छत्तीसगढ़ में समय से पहले गर्मी का सितम: राजनांदगांव में पारा 39 डिग्री पहुंचा, अगले 4 दिनों तक राहत के आसार नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक तापमान की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
वर्तमान में प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। बीते सोमवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार, बिहार से मराठवाड़ा तक झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होते हुए 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके बावजूद फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं। अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा और यह सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना रह सकता है।
राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शहर में दिन के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई है।


