डॉन छोटा राजन को उम्रकैद, जया शेट्टी हत्याकांड में कोर्ट ने सुनाई सजा

मुंबई। मुंबई की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने डॉन छोटा राजन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह सजा उसे जया शेट्टी हत्याकांड मामले में हुई है। साल 2001 में जया शेट्टी पर मुंबई के ग्रांट रोड पर छोटा राजन के गुर्गों ने फायरिंग की थी। जिसमे होटल कारोबारी जया शेट्टी की मौत हो गई थी।
बता दें कि साल 2015 से छोटा राजन दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसका असली नाम राजेंद्र सदाशिव है। छोटा राजन को बाली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। उसे 2015 में भारत प्रत्यर्पित किया गया था और तब से वह तिहाड़ जेल में बंद है।
जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। छोटा राजन गिरोह की ओर से जबरन वसूली की धमकियों का सामना कर रहीं जया शेट्टी को गिरोह के दो कथित सदस्यों ने 4 मई 2001 को होटल की पहली मंजिल पर गोली मार दी थी। छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकी मिलने की सूचना के बाद होटल व्यवसायी को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। लेकिन हमले से दो महीने पहले शेट्टी के अनुरोध पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी।