कबीरधाम को मिली बड़ी सौगात: पांडातराई–फास्टरपुर सड़क निर्माण के लिए 33 करोड़ से ज्यादा की मंजूरी…

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ सरकार ने कबीरधाम जिले के विकास को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। राज्य शासन ने ग्राम पांडातराई से फास्टरपुर मार्ग के निर्माण के लिए 33 करोड़ 8 लाख 47 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से लगभग 26.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति के संबंध में परिपत्र जारी कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री और पूरे कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्देश दिया है कि सड़क निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए और निर्माण कार्य के प्राक्कलन व क्रियान्वयन में मितव्ययिता बरती जाए।
इसके साथ ही विभाग ने निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने से बचने को भी कहा गया है।



