मुख्यमंत्री साय की पहल से किसानों में दिखा बदलाव, पारंपरिक खेती छोड़ अब मिर्च की खेती से दुगुनी आमदनी

मनोरा। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास अब धरातल पर परिणाम दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर उद्यानिकी फसलों और साग-सब्जियों की खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार की इस पहल से प्रदेश के किसान अब आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती में नए प्रयोग कर रहे हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं।
इसी कड़ी में मनोरा विकासखंड के ग्राम केराकोना निवासी किसान श्री सायो ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से मिर्च की खेती शुरू की। विभागीय अधिकारियों ने उनके खेत की मिट्टी और जलवायु परिस्थितियों का परीक्षण कर उन्हें मिर्च उत्पादन की सलाह दी।

मार्गदर्शन के बाद श्री सायो ने अपनी 3.6 हेक्टेयर भूमि में से 0.3 हेक्टेयर पर मिर्च की खेती प्रारंभ की। स्थानीय बाजारों और आस-पास की मंडियों में मिर्च की अच्छी मांग को देखते हुए यह प्रयोग उनके लिए बेहद लाभदायक साबित हुआ। किसान सायो ने बताया,
“उद्यानिकी विभाग से मिली तकनीकी जानकारी और सहयोग से पारंपरिक फसलों की तुलना में मिर्च की खेती से मुझे दुगुनी आमदनी हो रही है। अगले फसल वर्ष में मैं मिर्च की खेती का क्षेत्र और बढ़ाऊंगा।”
उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, प्रशिक्षण और विपणन सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि ग्रामीण अंचलों में रोजगार और आय के नए अवसर सृजित हों। मुख्यमंत्री साय की इस पहल ने साबित किया है कि जनाबद्ध मार्गदर्शन और नवाचार से खेती भी एक लाभकारी व्यवसाय बन सकती है।