मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की पहली बैठक

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। पुनर्गठन के बाद आयोजित यह पहली बैठक नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ शुरू हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समुदाय के कल्याण और समग्र विकास के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है और संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मध्य क्षेत्र के बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये करने की घोषणा की।

जवाबदेही और पारदर्शिता पर जोर...
सीएम साय ने कहा कि पूर्व सरकार की लचर कार्यप्रणाली के कारण योजनाएँ धरातल पर नहीं उतर पाईं। अब प्राधिकरण का पुनर्गठन कर जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
- प्राधिकरण में अब सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
- समाजसेवियों और विशेषज्ञों को भी सदस्य बनाकर योजनाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पीएम जनमन योजना से नई संभावनाएँ...
सीएम साय ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना से छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी की नई संभावनाएँ खुली हैं।

- महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर।
- युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षा, खेल और पर्यटन को सौगात...
मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं—
- कोरबा में बालक-बालिका क्रीड़ा परिसर के लिए 10-10 करोड़ रुपये।
- विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए दो खेल परिसर और आवासीय विद्यालय हेतु 5 करोड़ रुपये।
- कोरबा शहर में सुनालिया पुल निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये।
- बुका-सतरेंगा पर्यटन प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश।
अधूरी सिंचाई परियोजनाओं पर बड़ा फैसला...
सीएम ने बताया कि 2015 से पहले की 115 अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनके पूरा होने पर 76 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी।
उप मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की राय...
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्राधिकरण विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक को सीएम की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
- उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची ने बजट बढ़ने से आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्य तेज़ होने की बात कही।
विकास कार्यों की प्रगति...
- वर्ष 2021-22 में स्वीकृत 544 कार्यों में से 539 पूर्ण।
- वर्ष 2022-23 में स्वीकृत 491 कार्यों में से 482 पूर्ण।
- वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 464 कार्यों में से 424 पूर्ण।
- वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 508 कार्यों में से अब तक 123 कार्य पूरे और शेष जारी।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।