रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की शुभकामनाएं — प्रेम, सुरक्षा और सौहार्द का संदेश…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में आत्मीयता, समर्पण और सुरक्षा के अटूट संकल्प का प्रतीक है, जो भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा...
“रक्षाबंधन पर बहनें भाई की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना के साथ रक्षा-सूत्र बांधती हैं, वहीं भाई बहन की रक्षा और सम्मान का वचन निभाते हैं। यह त्योहार न केवल पारिवारिक रिश्तों को, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी सशक्त करता है।”
उन्होंने रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास, करुणा और दायित्व की भावना का प्रतीक बताते हुए सभी नागरिकों से समाज में भाईचारा, महिला सम्मान और सौहार्द्र को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों, बहनों और मातृशक्ति को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पर्व सभी के जीवन में प्रेम, ऊर्जा और नई उमंग लेकर आएगा।