छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार की हलचल तेज, CM साय ने राजभवन में की राज्यपाल से मुलाकात…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक राजभवन पहुंचे और राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे राजभवन से रवाना हो गए। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि यह मुलाकात आगामी कैबिनेट विस्तार को लेकर अहम संकेत है।
विदेश दौरे से पहले हो सकता है शपथग्रहण...
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से 10 दिन के विदेश दौरे पर रवाना होंगे। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनके विदेश जाने से पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार का ऐलान हो सकता है। इस समय साय कैबिनेट में दो पद खाली हैं, लेकिन राजनीतिक सूत्रों के अनुसार “हरियाणा फॉर्मूला” लागू होने पर तीन नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।
सरगुजा से विधायकों की सक्रियता...
इधर, सरगुजा क्षेत्र से भी हलचल तेज हो गई है। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। खास बात यह है कि राजेश अग्रवाल ने चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को हराया था।
मुख्यमंत्री ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं...
राजभवन की ओर से इस मुलाकात को लेकर ट्वीट भी किया गया है। इसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
जातिगत संतुलन साधने की कोशिश...
सूत्रों का कहना है कि इस बार कैबिनेट विस्तार में जातिगत संतुलन पर खास ध्यान दिया जाएगा। आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब (SC वर्ग) का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। बलौदाबाजार में हुए तनावपूर्ण हालात के दौरान गुरु खुशवंत ने अपनी सामाजिक पकड़ से स्थिति को शांत करने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, दुर्ग से गजेंद्र यादव का नाम भी चर्चा में है। यादव समाज को साधने के लिहाज से उनका कद बढ़ा है।
दौड़ में ये नाम सबसे आगे…
कैबिनेट विस्तार को लेकर जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें गुरु खुशवंत साहेब (आरंग), अमर अग्रवाल (बिलासपुर), गजेंद्र यादव (दुर्ग), संपत अग्रवाल (बसना, महासमुंद) और राजेश अग्रवाल (अंबिकापुर) शामिल हैं।