छत्तीसगढ़ में जल्द गूंजेगी कैबिनेट विस्तार की घंटी, CM साय की मुस्कान ने बढ़ाई हलचल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि प्रदेश को जल्द ही तीन नए मंत्री मिल सकते हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान चर्चा का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री साय का मुस्कुराता जवाब...
रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे कैबिनेट विस्तार को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा–
“इंतजार करिए, हो भी सकता है।”
उनके इस संक्षिप्त जवाब ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
18 अगस्त को शपथ की चर्चा…
सूत्रों के अनुसार, 18 अगस्त को तीन नए मंत्रियों का शपथग्रहण हो सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 अगस्त से विदेश दौरे पर जाने वाले हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके रवाना होने से पहले ही विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हरियाणा फॉर्मूले पर छत्तीसगढ़ में मंथन...
वर्तमान में साय कैबिनेट में 2 पद खाली हैं। हालांकि, यह भी माना जा रहा है कि हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 13+1 फॉर्मूला लागू हो सकता है।
हरियाणा में कुल 90 विधानसभा सीटें हैं और वहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत 14 मंत्री शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में भी 90 सीटें हैं लेकिन इस समय मुख्यमंत्री सहित केवल 11 मंत्री ही कैबिनेट में हैं। ऐसे में नए फॉर्मूले के तहत मंत्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।



