छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने लिए अहम फैसले, चना खरीद और IT उद्योग को मिलेगा बढ़ावा…

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य और नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
चना खरीदी और वितरण...
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि अनुसूचित क्षेत्र और माडा पॉकेट क्षेत्र में रहने वाले अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों के लिए हर महीने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत वितरित होने वाले 2 किलो चने की खरीद नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा NeML ई-ऑक्शन प्लेटफार्म के माध्यम से की जाएगी। यह खरीद वित्तीय वर्ष 2024-25 में 0.25% या उससे कम ट्रांजैक्शन/सर्विस चार्ज पर की जाएगी।
इसके अलावा, जुलाई 2025 से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों ने चना नहीं लिया, उन्हें पात्रतानुसार यह चना दिसंबर 2025 तक वितरित कर दिया जाएगा।
IT और IITS उद्योग को मिलेगा बढ़ावा...
कैबिनेट ने नवा रायपुर में सूचना प्रौद्योगिकी (IT/IITS) उद्योग के विकास के लिए 90 एकड़ भूमि को रियायती प्रीमियम दर पर आबंटित करने का निर्णय लिया। इस पहल का उद्देश्य IT क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना और औद्योगिक विकास को गति देना है।

रियायती दर पर भूमि उपलब्ध होने से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ेगी और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे नवा रायपुर में तकनीकी और आर्थिक गतिविधियों के साथ शहरीकरण को भी बल मिलेगा। IT कंपनियों की स्थापना से स्थानीय निवासियों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।