छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सरकार को घेरा, बजट को बताया शब्दों का मायाजाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए गए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के इस बजट को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए इस बजट को प्रदेश के लिए निराशाजनक करार दिया है।
डॉ. महंत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जिस बजट को गति और संकल्प का नाम दे रही है, वह वास्तव में प्रदेश की दुर्गति का बजट है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संकल्प का नहीं बल्कि भ्रष्टाचार का बजट है और नई योजनाएं केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाई गई हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने बजट को शब्दों का मायाजाल बताते हुए कहा कि इसमें प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को केवल आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की छोटी मांगों को भी पूरा करने में विफल रही है। कुल मिलाकर विपक्ष ने इस बजट को जनविरोधी बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।



