छत्तीसगढ़ बना ‘टॉप अचीवर’, उद्योग सुधारों में रचा नया इतिहास — देशभर में बढ़ा राज्य का गौरव

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर देशभर में अपना परचम लहराया है। भारत सरकार के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (DPIIT) द्वारा आयोजित ‘उद्योग संगम’ में राज्य को बिज़नेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (BRAP) की चारों प्रमुख श्रेणियों में ‘टॉप अचीवर’ घोषित किया गया है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के सुशासन, पारदर्शिता और उद्योग-अनुकूल नीतियों की उस यात्रा का परिणाम है, जिसने राज्य को सुधार और विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित किया है।
गुजरात-महाराष्ट्र जैसे औद्योगिक दिग्गजों की बराबरी में छत्तीसगढ़...
कभी BRAP रैंकिंग में निचले पायदान पर रहने वाला छत्तीसगढ़ आज गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे अग्रणी औद्योगिक राज्यों की कतार में खड़ा है। राज्य ने अब तक 434 सुधारों को सफलतापूर्वक लागू किया है — जो Ease of Doing Business और Ease of Living दोनों में उल्लेखनीय सुधार दर्शाते हैं।
‘जन विश्वास अधिनियम’ बना भरोसे का प्रतीक...
छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य है जिसने ‘जन विश्वास अधिनियम’ लागू कर छोटे कारोबारियों से जुड़े कई अपराधों को डीक्रिमिनलाइज कर दिया। इस पहल ने शासन और उद्योग जगत के बीच भरोसे और सहयोग की नई परंपरा को जन्म दिया है। अब उद्योगों में अनावश्यक भय या जटिल प्रक्रियाओं की जगह पारदर्शिता और सहजता ने ले ली है।
देश का पहला राज्य — जहां भूमि पंजीयन के साथ स्वतः म्यूटेशन...
राज्य ने भूमि अभिलेखों के स्वचालित म्यूटेशन की ऐतिहासिक शुरुआत की है। यह कदम छत्तीसगढ़ को देश का पहला राज्य बनाता है, जहाँ जमीन के पंजीयन के साथ ही स्वामित्व का हस्तांतरण स्वतः हो जाता है। इससे न केवल प्रक्रियाएं सरल हुई हैं बल्कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति भी मिली है।
सरकार के सुधारों ने उद्योग जगत में भरोसा बढ़ाया...
राज्य सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं —
- दुकानों और प्रतिष्ठानों को 24×7 संचालन की अनुमति,
- फ्लैटेड इंडस्ट्री के लिए FAR में वृद्धि,
- भूमि उपयोगिता बढ़ाने के लिए सेटबैक में कमी,
- फैक्ट्री लाइसेंस की वैधता 10 से बढ़ाकर 15 वर्ष और ऑटो-रिन्यूअल की सुविधा।
इन सुधारों ने मिलकर छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए स्थिर, भरोसेमंद और पारदर्शी माहौल तैयार किया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया सम्मानित...
इन उल्लेखनीय सुधारों के लिए छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और निवेश आयुक्त ऋतु सेन (IAS) को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सम्मानित किया। यह सम्मान इस बात का प्रतीक है कि छत्तीसगढ़ अब भारत के औद्योगिक परिदृश्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
7.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से बढ़ा विश्वास...
सुधारों के सकारात्मक प्रभाव अब निवेश माहौल में भी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। बीते दस महीनों में ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हुए हैं — यह छत्तीसगढ़ की पारदर्शी नीतियों और तेज़ प्रशासनिक निर्णयों पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा — “यह पूरे राज्य के गर्व का क्षण”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा —
“छत्तीसगढ़ का ‘टॉप अचीवर’ बनना हर नागरिक के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ ने उद्योग, सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में नई ऊंचाईयां हासिल की हैं। राज्य अब Ease of Doing Business के साथ-साथ Ease of Living का भी प्रतीक बन चुका है।”



