छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही आज से पुनः शुरू, सदन में गूंजेगा अफीम की खेती का मुद्दा

रायपुर। होली के अवकाश के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही आज से दोबारा शुरू होने जा रही है। आज सदन में दुर्ग जिले में एक भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती मिलने का मामला गरमाने के आसार हैं। विपक्ष इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव ला सकता है।
तय कार्यक्रम के अनुसार आज सदन में मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों के बजटीय प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री रामविचार नेताम सदन के पटल पर विभिन्न महत्वपूर्ण पत्र व दस्तावेज रखेंगे।
आज की कार्यवाही में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी शामिल किए गए हैं, जिन्हें विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभापति गोमती साय विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगी। आज से विधानसभा में अनुदान मांगों पर भी विस्तृत चर्चा की शुरुआत होगी, जिसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भाग लेंगे।


