जयपुर एयरपोर्ट पर खराब मौसम से हाहाकार: फ्लाइट्स रद्द, घंटों देरी, एक इंटरनेशनल उड़ान डायवर्ट

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर बीती रात से सुबह तक खराब मौसम और उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई फ्लाइट्स में घंटों देरी हुई, कुछ आखिरी समय पर रद्द कर दी गईं और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को डायवर्ट करना पड़ा।
स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट एसजी-251 सबसे अधिक प्रभावित रही। यह फ्लाइट रात 12:50 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इनकमिंग एयरक्राफ्ट की देरी से लगातार विलंब होता रहा। यात्री रातभर एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे और फ्लाइट अंततः सुबह 5:20 बजे रवाना हो सकी। करीब साढ़े चार घंटे की देरी से यात्रियों ने असुविधा झेली और एयरलाइन से समय पर जानकारी न मिलने की शिकायत की।
सुबह की दो घरेलू फ्लाइट्स भी रद्द हुईं। इंडिगो की चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6ई-7742 (सुबह 5:50 बजे) और एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एआई-1834 (सुबह 8:30 बजे) को गंतव्य स्थलों पर कम विजिबिलिटी के कारण कैंसिल कर दिया गया। आखिरी समय पर रद्दीकरण से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था में दिक्कत हुई, हालांकि एयरलाइंस ने रिफंड की सुविधा प्रदान की।
इसके अलावा तुर्कमेनिस्तान एयरलाइंस की अश्गाबात से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट टी-5531 को दिल्ली में कोहरे के कारण जयपुर डायवर्ट किया गया। फ्लाइट को सुरक्षित उतारा गया और मौसम सुधारते ही आगे रवाना किया जाएगा।
लगातार देरी, रद्दीकरण और डायवर्जन से यात्रियों को मानसिक व शारीरिक परेशानी हुई। यात्रियों ने एयरलाइंस से बेहतर सूचना व्यवस्था और समय पर अपडेट की मांग की है।



