कर्नाटक के चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर में 10 की मौत

नई दिल्ली। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 48 पर एक स्लीपर प्राइवेट बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी और करीब 300 किलोमीटर की यात्रा पर थी। हादसा गुरुवार सुबह लगभग 3 बजे उस समय हुआ, जब अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने डिवाइडर पार कर बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और दूर तक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
हादसे के बाद बस में सवार कुछ यात्री बाहर निकलने में सफल रहे। शुरुआती जानकारी के अनुसार नौ लोग किसी तरह बस से बाहर निकल आए, जबकि अन्य यात्री आग की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



