सीजीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा 2025: आज जारी हो सकता है नोटिफिकेशन, करीब 240 पदों पर भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा राज्य सेवा परीक्षा 2025 का नोटिफिकेशन बुधवार 26 नवंबर की शाम तक जारी होने की संभावना है। इस बार लगभग 240 पदों के लिए वैकेंसी निकलेगी, जिसमें सर्वाधिक पद नायब तहसीलदार के होंगे।
मुख्य पदों में डिप्टी कलेक्टर (10 से अधिक), डीएसपी (10 से अधिक), मुख्य नगर पालिका अधिकारी (ख एवं ग वर्ग), छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संचालक (विभिन्न विभाग), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नायब तहसीलदार, राज्य कर निरीक्षक, आबकारी उप निरीक्षक, उप पंजीयक, सहायक जेल अधीक्षक आदि शामिल हैं।
पिछली भर्ती में 246 पद थे, जबकि 2015 में सर्वाधिक 352 पदों पर वैकेंसी आई थी। इस बार पदों की संख्या में मामूली कमी है। परीक्षा प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पिछले पैटर्न पर ही होगी तथा सिलेबस भी यथावत रहेगा।
प्रारंभिक परीक्षा फरवरी 2026 में आयोजित होने की संभावना है। नोटिफिकेशन जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें।



