CGPSC भर्ती परीक्षा 2024: दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण की तिथियां घोषित

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर पदों पर भर्ती परीक्षा 2024 की चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण की तिथियों की घोषणा कर दी है।
आयोग के अनुसार यह प्रक्रिया 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण छत्तीसगढ़ के सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, रायपुर और राजनांदगांव जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होंगे। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में उल्लेखित केंद्र पर निर्धारित तिथि को उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्टिंग समय सुबह 7 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि शारीरिक माप परीक्षण सुबह 8 बजे से शुरू होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षण में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए प्रवेश पत्र 26 दिसंबर 2025 को जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा और चयन प्रक्रिया से संबंधित अन्य आवश्यक निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक या किसी अन्य माध्यम से व्यक्तिगत रूप से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ निर्धारित तिथि और केंद्र पर समय पर उपस्थित हों, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।



