CBSE ने 12वीं री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव, OnMark पोर्टल हटाया

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए Coempt Edu Teck के OnMark प्लेटफॉर्म को री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से हटा दिया है। अब उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच पूरी तरह CBSE के अपने पोर्टल पर की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, री-इवैल्यूएशन की नई प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू हो सकती है। इस साल कक्षा 12वीं की करीब एक करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन OnMark पोर्टल के जरिए किया गया था। हालांकि, हाल के दिनों में सामने आई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बाद बोर्ड ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
CBSE का कहना है कि री-इवैल्यूएशन जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को अपने नियंत्रण में रखना अधिक सुरक्षित और पारदर्शी होगा। इसी के तहत परीक्षा से जुड़ा पूरा डेटा अब सीधे CBSE के सर्वरों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
बोर्ड के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में पोर्टल को निशाना बनाकर कई समन्वित साइबर हमले किए गए। इन हमलों का उद्देश्य सेवाओं को बाधित करना और अनधिकृत पहुंच हासिल करना था। हालांकि, समय रहते सभी प्रयासों को विफल कर दिया गया और किसी प्रकार की गंभीर क्षति नहीं हुई।
गौरतलब है कि 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी और तकनीकी समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया की सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे थे।
सूत्रों के अनुसार, CBSE को तकनीकी सहायता देने के लिए IIT कानपुर और IIT मद्रास के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम भी काम कर रही है। यह टीम री-इवैल्यूएशन सिस्टम को और अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने में सहयोग कर रही है।
CBSE के इस फैसले को छात्रों के हित में उठाया गया अहम कदम माना जा रहा है। इससे री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और छात्रों का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के हितों और परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



