सावधान! कहीं आप भी तो नहीं पी रहे ऐसा जूस? कोरबा की चौपाटी में बर्फ के अंदर निकला मेंढक, खाद्य विभाग की जांच शुरू

कोरबा में बर्फ से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घंटाघर चौपाटी स्थित एक जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के भीतर मेंढक जमा हुआ मिला, जिससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
घटना सामने आने के बाद चौपाटी के व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए बर्फ फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि जूस सेंटर संचालक ने निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से बर्फ खरीदी थी, जहां फैक्ट्री से थोक में बर्फ लाकर बेचा जाता है।
व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, बर्फ दुकान संचालक डी गुप्ता ने बताया कि वह केवल डिपो संचालित करता है और विभिन्न फैक्ट्रियों से बर्फ मंगवाता है। उन्होंने कहा कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है और यह भी पुष्टि नहीं हो पाई है कि मेंढक वाली बर्फ उनके डिपो से ही गई थी।
इधर, खाद्य अधिकारी विकास भगत ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी बर्फ फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


