महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों की हड़ताल, एंबुलेंस सेवा ठप
बिलासपुर। पांच सूत्री मांगों को लेकर जिला के महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार से शुरू हो गई है। इसके चलते 102 की एंबुलेंस सेवाएं ठप रहीं। कर्मचारी सीएमएचओ कार्यालय के दो-तीन माह कार्य कराकर एक माह का वेतन देने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठ गए हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच सूत्री मांगों को लेकर स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर मंत्री को कई बार जानकारी गई और समस्या का समाधान करने की मांग की गई। इसके बावजूद अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। कुछ दिन पहले प्रदर्शन भी किया गया था। इस दौरान मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिला था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तो आंदोलन जारी रहेगा।
102 महतारी एंबुलेंस सेवा का नई सेवा प्रदाता ठेका कंपनी द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन को निरस्त कर दस वर्षों से सेवा कार्य कर रहे कर्मचारियों को उनके वर्तमान कार्यस्थल पर फिर से पदस्थापना और वर्ष 2018 से शेष बचे हुए कर्मचारियों का समायोजन। 108 और 102 के कर्मचारियों के पूर्व बकाया वेतन का तुरंत भुगतान। माह के पहले सप्ताह में कर्मचारियों का वेतन भुगतान जारी किया जाए।
कर्मचारियों को वर्ष 2018 से 2023 तक का वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ एरियर के रूप में एकमुश्त भुगतान। आठ घंटे का काम निर्धारित, अतिरिक्त समय में किए गए कार्य की ओवरटाइम राशि दें। मुख्यमंत्री के वादे के अनुसार 108 और 102 एंबुलेंस सेवा को ठेका प्रथा से हटाकर सरकार द्वारा स्वयं संचालन कर 60 वर्ष तक नौकरी की गारंटी।
ये प्रमुख मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जिला प्रबंधक जगत बंजारे ने बताया कि हड़ताल के संदर्भ में यूनियन द्वारा भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। वर्तमान में 108 संजीवनी एक्सप्रेस में कार्यरत किसी भी कर्मचारी का इसमें किसी भी प्रकार का कोई जुड़ाव नहीं है। हमारे कर्मचारी आपातकालीन सेवा की महत्व को देखते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवा दे रहे हैं। जिन लोगों द्वारा हड़ताल की बात की जा रही है, उनका हमारी संस्था से कोई सरोकार नहीं है।