आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आसान, अब घर बैठे मोबाइल से मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी पहल की गई है। अब योजना के पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए न तो जनसेवा केंद्र जाना पड़ेगा और न ही लंबी कतारों में इंतजार करना होगा।
राज्य सरकार और नेशनल हेल्थ अथारिटी ने मिलकर कार्ड बनाने की प्रक्रिया को पूरी तरह सरल कर दिया है। नई सुविधा के तहत लाभार्थी घर बैठे मोबाइल के माध्यम से ही अपना आयुष्मान कार्ड तैयार कर सकेंगे। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर वर्ष पांच लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
पहले कार्ड बनवाने के लिए केंद्र में दस्तावेज लेकर जाना अनिवार्य था, लेकिन अब सिर्फ मोबाइल, आधार नंबर और ओटीपी के माध्यम से कार्ड तैयार किया जा सकेगा। इसके लिए लाभार्थी को वेबसाइट mera.pmjay.gov.in या PMJAY/Ayushman App पर जाकर अपनी पात्रता जांचनी होगी।
पोर्टल पर नाम, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर या आधार से परिवार का विवरण देखा जा सकता है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना से जुड़ सकेंगे और आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित नहीं रहेगा।



