बीजापुर में मजदूरों से भरा मालवाहक पलटा, 15 गंभीर रूप से घायल, जगदलपुर रेफर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां ग्रामीणों से भरा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन में सवार 45 मजदूरों में से लगभग 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल से जगदलपुर स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा भोपालपट्टनम ब्लॉक के ग्राम सोमनपल्ली के पास सुबह करीब 6 बजे घटित हुआ। मालवाहक वाहन में पेंटागुड़ा, बारेगुड़ा और दममुर गांव के लगभग 40 से 45 ग्रामीण सवार थे, जो मिर्च तोड़ने के लिए महाराष्ट्र जा रहे थे। यात्रा के दौरान सोमनपल्ली के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क पर ही पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र भोपालपट्टनम ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीजापुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में तीन गंभीर मरीजों को जगदलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शेष सभी मरीज अभी खतरे से बाहर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीजापुर में मजदूरों से भरा मालवाहक पलटा, 15 गंभीर रूप से घायल, जगदलपुर रेफर



