बीच सड़क धधकी कार: तेलीबांधा में आग का गोला बनी गाड़ी, बाल-बाल बचे झारखंड के निवासी

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा इलाके में रविवार रात एक चलती कार में आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के लोग घबराकर मौके पर पहुंचे और कार सवारों को बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद सड़क पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रिंगरोड स्थित अग्रसेन चौक के पास सुमो ग्रैंड वाहन में अचानक आग लग गई। कार सवार सभी लोग झारखंड के निवासी हैं। जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचते, तब तक आग ने कार को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बाद में ट्रैफिक की आवाजाही को प्रभावित होने से बचाने के लिए पुलिस ने आवश्यक कदम उठाए।
तेलीबांधा मार्ग पर कार में आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वाहन झारखंड पासिंग का था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।



