बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव की हलचल: अनंत सिंह पहुंचे वोट डालने, जीत के दावे के बीच बढ़ी सियासी बेचैनी

पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मतदान के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों खेमों में हलचल का माहौल बना रहा। अब तक 239 विधायकों ने मतदान किया है। एनडीए खेमे के सभी विधायक वोट डाल चुके हैं, जबकि विपक्ष के चार विधायक मतदान के लिए नहीं पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, अनुपस्थित विधायकों में कांग्रेस के तीन और राष्ट्रीय जनता दल का एक विधायक शामिल है। इनमें वाल्मीकि नगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, फारबिसगंज से कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास, मनिहारी से कांग्रेस विधायक मनोहर सिंह और ढाका से राजद विधायक फैसल रहमान का नाम सामने आया है। इन विधायकों के मतदान नहीं करने से विपक्ष की रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
राज्यसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक हलचल उस समय और बढ़ गई, जब जीतन राम मांझी की पार्टी की दो महिला विधायक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ नजर आईं। बताया जा रहा है कि वे महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारीवाल और एआईएमआईएम विधायकों के साथ मतदान के लिए जाती दिखीं। इसके बाद क्रॉस वोटिंग की अटकलें तेज हो गई हैं।
बिहार में इस बार राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जबकि मैदान में कुल छह उम्मीदवार हैं। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर एनडीए के पास 202 विधायक हैं, जबकि महागठबंधन के पास 35 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में चार सीटों पर एनडीए की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि मुकाबला पांचवीं सीट को लेकर अधिक दिलचस्प बना हुआ है।
इस बीच जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह भी वोट डालने के लिए एंबुलेंस से बिहार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने पांचों सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया। साथ ही उन्होंने निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तो वह भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे।
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह आश्वस्त है और आंकड़े उनके पक्ष में हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि एआईएमआईएम और बसपा के विधायकों का समर्थन उन्हें मिल रहा है।
राज्यसभा चुनाव के बीच जारी इस सियासी उठापटक ने बिहार की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।



