भाजपा स्थापना दिवस: मौदहापारा में ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान, घर-घर पहुंचे नेता, योजनाओं का लिया फीडबैक…

रायपुर | भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर चल रहे सेवा सप्ताह के तहत राजधानी रायपुर के मौदहापारा इलाके में ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क अभियान तेज़ी से चलाया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. सलीम राज ने क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की।

डॉ. राज ने जवाहर नगर मंडल के अंतर्गत शहीद अब्दुल हमीद वार्ड स्थित रजबंधा पार बस्ती, अफरोज बाग बाड़ी क्षेत्र और वीडियो वर्ल्ड के पीछे की बस्तियों में पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने योजनाओं के जमीनी प्रभाव और लाभार्थियों के अनुभवों की जानकारी ली।
इस दौरान डॉ. सलीम राज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर सेवा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का सही क्रियान्वयन तभी संभव है जब फीडबैक सीधे जनता से लिया जाए।

अभियान में क्षेत्र के कई प्रमुख भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे। इनमें छाया पार्षद घनश्याम रक्सेल, भाजपा नेता हाजी युनूस कुरैशी, सैयद रजा, मोनिस रजा पटवा, हाजी प्यारे खान, हाजी सोनू आसिफ कुरैशी, मुस्तफा हसन और पीलू कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



