Budget 2026 Live : वित्त मंत्री सीतारमण पेश कर रही बजट, टैक्स राहत और ग्रोथ पर टिकी देश की नजर

आज 1 फरवरी को देश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने वाला केंद्रीय बजट पेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अपना नौवां केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी। इस बजट से टैक्सपेयर्स को राहत की उम्मीद है, वहीं मिडिल क्लास, गांव और किसानों की निगाहें भी सरकार के फैसलों पर टिकी हुई हैं। निवेशक यह जानना चाहते हैं कि सरकार आर्थिक वृद्धि और वित्तीय संतुलन के बीच किस तरह का तालमेल बनाती है।
यह बजट ऐसे समय में आ रहा है, जब देश की घरेलू मांग को मजबूत बताया जा रहा है, जबकि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। अमेरिकी टैरिफ नीतियों और भू-राजनीतिक तनावों के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है।
बजट से पहले संसद में पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 ने भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति की व्यापक तस्वीर पेश की है। सर्वे के अनुसार, वर्किंग एज आबादी से देश को लाभ मिल रहा है, लेकिन स्वास्थ्य और रोजगार बड़ी चुनौतियों के रूप में सामने हैं। आगामी वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 6.8 से 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है। घरेलू मांग में मजबूती के संकेत भी मिले हैं।
फिलहाल, हर वर्ग की नजर इस बात पर है कि बजट 2026 में टैक्स स्लैब में कोई बदलाव होता है या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर पहले की तरह जोर रहता है या ग्रामीण खर्च बढ़ाने के लिए नए कदम उठाए जाते हैं।



