BREAKING : पंजाब की मान सरकार ने Zee मीडिया के सभी चैनलों को किया ‘बैन’!

चंडीगढ़। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने ‘Zee News’ के सभी चैनलों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। चैनल ने खुद इसकी जानकारी दी है। चैनल ने कहा कि Zee मीडिया के सभी चैनलों को पंजाब में बंद कर दिया गया है,
जिसकी वजह से वहां लोग अपने घर में Zee के चैनल नहीं देख पा रहे हैं। मीडिया संस्थान ने इसे प्रेस की आज़ादी पर हमला करार देते हुए कहा है कि उसे पंजाब में ब्लैकआउट कर दिया गया है।
मीडिया संस्थान का कहना है कि कई लोगों की शिकायतें आ रही हैं कि वो अपने घर में Zee मीडिया के चैनल नहीं देख पा रहे हैं। Zee के रिपोर्टर मनोज जोशी ने कहा कि सरकार में कोई भी इस संबंध में कोई जवाब नहीं दे रहा है और कहा जा रहा है कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बताते हुए कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकार को रोका गया है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी AAP सरकार के इस रवैए पर सवाल उठाया था।
वहीं एक अन्य रिपोर्टर रवि त्रिपाठी ने दावा किया कि इसी पंजाब में जब इससे पहले अकाली दल की सरकार थी तब भी Zee मीडिया को बैन किया गया था, पार्टी का बुरा हश्र हुआ। उन्होंने इस दौरान आपातकाल को भी याद किया,
जब कई अख़बार बंद किए गए और संपादकों को जेल में डाला गया। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई सच दिखाता है तो वो उसे दबाते हैं।