BJP's 'Samrasta Sankalp Abhiyan' to run from July 29 to February 20.
Chhattisgarh

29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेगा भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें जयंती वर्ष को सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के महाअभियान के रूप में मनाने जा रही है। 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित एकात्म परिसर में भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास द्वारा दिखाया गया मार्ग ही हमारे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल आधार है। उनके 650वें जयंती वर्ष पर चलाया जाने वाला समरसता संकल्प अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।

अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

गुरु रविदास संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के महान संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक हैं। उन्हें उनके समय के अनेक संतों तथा बाद की पीढ़ियों के संतों ने भी अत्यंत सम्मान दिया। उन्होंने समाज के करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और जीवन का उद्देश्य प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब समाज जातिगत भेदभाव, सामाजिक विषमताओं, धर्मांतरण और मुगलिया अत्याचारों से जूझ रहा था, तब गुरु रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और आत्मसम्मान का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन में नई चेतना का संचार किया।

“बेगमपुरा” आज भी आदर्श समाज की प्रेरणा

मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि गुरु रविदास महाराज द्वारा प्रस्तुत “बेगमपुरा” का दर्शन आज भी ऐसे समाज की प्रेरणा देता है, जहां किसी प्रकार का दुःख, पीड़ा, भेदभाव, अन्याय अथवा शोषण न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। वे ऐसे दूरदर्शी संत थे जिन्होंने अपने समय से कई शताब्दियां आगे के समाज की कल्पना की। वर्तमान समय में भी उनके उपदेशों की व्यापक स्वीकार्यता उनकी दूरदर्शिता और समाज के प्रति उनके व्यापक दृष्टिकोण का प्रमाण है।

29 जुलाई से होगा अभियान का शुभारंभ

मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होगा। इस दिन संध्या के समय देशभर के सभी मंदिरों में “गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव” के अंतर्गत 51 हजार स्थानों पर अधिक से अधिक संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसी क्रम में वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

दीप महोत्सव से पूर्व भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन होगा। इसके उपरांत प्रसाद वितरण अथवा भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। दीप महोत्सव में मंदिरों के आसपास के सभी समाजों के लोगों तथा पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

21 हजार कलशों में पहुंचेगी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक “श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा।

29 जुलाई को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को पवित्र मिट्टी से भरे 131 सुसज्जित कलश प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश स्तरीय टोलियां मार्ग में स्वागत कार्यक्रमों के साथ इन कलशों को अपनी-अपनी राजधानियों तक लेकर जाएंगी। जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को 21 हजार कलशों में स्थापित कर देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा, जहां उनकी स्थापना की जाएगी।

इसके बाद प्रदेश स्तर पर धार्मिक एवं सामाजिक नेताओं तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में पवित्र कलश जिला टोलियों को सौंपे जाएंगे। जिला स्तर पर इन्हें गुरु रविदास मंदिरों, मंडल इकाइयों अथवा ऐसे सामाजिक संगठनों को सौंपा जाएगा जो अपने क्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन करना चाहते हों।

इन सभी कार्यक्रमों में भजन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा पार्टी नेताओं के संबोधन होंगे। पवित्र मिट्टी का उपयोग मंदिरों अथवा निर्माणाधीन मंदिरों के गर्भगृह के निर्माण कार्य में किया जाएगा।

संत संपर्क अभियान और समरसता यात्रा

मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक “संत संपर्क अभियान” चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत पार्टी के पदाधिकारी गुरु रविदास परंपरा से जुड़े पूज्य संतों तथा अन्य धार्मिक परंपराओं के संतों से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे। इस अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान का एक महत्वपूर्ण चरण “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” होगा, जो 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।

यह यात्रा डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुंचेगी। यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छात्रावास संपर्क अभियान भी चलेगा

मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत देशभर के छात्रावासों में गुरु रविदास महाराज के चित्र के समक्ष “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), श्री खुरालगढ़ साहिब (पंजाब), दिल्ली स्थित गुरु रविदास मंदिर तथा संत गुरु रविदास जी से जुड़े प्रमुख स्थलों के विकास का भी संकल्प लिया गया है।

अभियान के लिए विभिन्न स्तरों पर गठित की गईं टोलियां : डॉ. नवीन मार्कण्डेय

भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश टोली (1+4), जिला टोली (1+4), मंडल टोली (1+3) तथा आयोजन टोलियों का गठन किया गया है। व्यापक जनसंपर्क के लिए संचार, मीडिया तथा सोशल मीडिया टोलियां भी बनाई जाएंगी।

प्रदेश स्तरीय कार्यशालाएं 20 से 23 जुलाई तथा जिला स्तरीय कार्यशालाएं 25 से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित की गई हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी के सभी संगठनात्मक स्तरों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि पार्टी के नेता समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं, ब्लॉग तथा पॉडकास्ट के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार, स्थानीय निकायों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता निभाई जाएगी।

सामाजिक समरसता का व्यापक जनआंदोलन बनेगा अभियान : शंकर अग्रवाल

भाजपा समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश संचालन समिति के सह-संयोजक शंकर अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है।

उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान समाज में समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा गुरु रविदास महाराज के अमर संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर एवं जिला मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker