लोकसभा में मर्यादा टूटने से नाराज भाजपा महिला सांसद, स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर कार्रवाई की अपील

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे हंगामे के बीच भाजपा की महिला सांसदों ने विपक्ष के सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में महिला सांसदों ने कहा है कि सदन परिसर में कुछ विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए कृत्य न केवल अशोभनीय हैं, बल्कि इससे संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की छवि भी धूमिल हुई है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया है कि ऐसे सांसदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
महिला सांसदों ने पत्र में 4 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान अध्यक्ष द्वारा लोकसभा की मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की है। साथ ही उस दिन हुई घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक बताया है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी सांसद न केवल सदन के वेल में पहुंचे, बल्कि स्पीकर की मेज पर चढ़े, कागजात फाड़े और उन्हें अध्यक्ष की ओर फेंका। इसके अलावा कुछ महिला सांसदों द्वारा आक्रामक व्यवहार करते हुए बैनर और तख्तियां लेकर दूसरे पक्ष में जाने का भी उल्लेख किया गया है।
भाजपा की महिला सांसदों ने आरोप लगाया है कि विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री की सीट को घेरने के साथ-साथ ट्रेजरी बेंच में भी प्रवेश किया, जहां वरिष्ठ मंत्री बैठते हैं। पत्र के अंत में लोकसभा अध्यक्ष से अपील की गई है कि सदन परिसर में इस तरह के कृत्यों को अंजाम देने वाले सांसदों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।



