अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर पीएम मोदी करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ गुरुवार को एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह स्थल भारतीय राष्ट्रवाद के तीन प्रमुख स्तंभों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का केंद्र बनेगा। लगभग 65 एकड़ में फैले इस परिसर में तीनों महान व्यक्तित्वों की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का प्रतीक हैं।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में कमल के आकार का आधुनिक संग्रहालय, ध्यान केंद्र और विशाल जनसभा स्थल विकसित किया गया है। करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्मारक विरासत के सम्मान के साथ-साथ सुशासन और राष्ट्र सेवा के आदर्शों को जीवंत बनाए रखने का प्रयास है।
उद्घाटन समारोह में दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की महान विभूतियों की विरासत के सम्मान और संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा।



